Pushkar Mela Development: पुष्कर मेले में देश-विदेश से आने वाले पावणों के स्वागत की तैयारियों में विकास के पंख लग रहे हैं। नए मेला मैदान में रेत पर 18.50 लाख का पानी छिड़का जाएगा ताकि धूल ना उड़े। नए मेला मैदान के पास 8.32 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनाई जा रही है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए 22.73 करोड़ रुपए के विकास एवं व्यवस्थागत कार्य कराए जा रहे हैं। मेला मैदान से लेकर मोतीसर, सूरजकुंड और गनाहेड़ा तक सड़कों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। है। मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं और विकास कार्यों पर 19.47 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। वहीं, ब्रह्मा मंदिर समिति के जमा कार्यों पर 3 करोड़ 26.12 लाख रुपए निर्धारित हैं। इनमें जलापूर्ति, सफाई, मेला मैदान में पानी का छिड़काव, सड़क निर्माण, मंदिर के सिविल कार्य, सीसीटीवी और विद्युत सजावट शामिल हैं। पुष्कर मेले की तैयारियों में करोड़ों रुपए की सड़कें और सुविधाएं आकार ले रही हैं। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने से पहले इन कार्यों को पूरा करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मेला तैयारियों में सबसे बड़ी राशि नए मेला मैदान के पास सड़क विकास पर खर्च हो रही है। एडीए ने इसके लिए 8 करोड़ 32 लाख 53 हजार रुपए निर्धारित किए हैं। फिलहाल काम जीएसबी स्तर तक हुआ है। गनाहेड़ा सरकारी स्कूल चौराहे से कहारों का तिराहा होते हुए युवराज फार्म तक सड़क चौड़ीकरण पर 3.93 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। कानस-पुष्कर बाइपास से स्काउट गाइड कैंप तक सड़क पर 1.66 करोड़ रुपए से अधिक खर्च हो रहे हैं। यहां बीटी कार्य पूरा है, लेकिन 200 मीटर सीसी सड़क बाकी है। मेले में पानी की आपूर्ति के लिए पीएचईडी को टैंकर व्यवस्था के 12.18 लाख और अस्थायी जल कनेक्शन के 8.50 लाख रुपए जमा कराए गए हैं। पीडब्लूडी को सिविल कार्यों, मरम्मत और नए निर्माण के लिए ₹53.97 लाख जमा हुए हैं।

मेला मैदान रोड से मोतीसर गांव तक 2.75 करोड़ रुपए तथा मोतीसर से सूरजकुंड स्कीम रोड तक 1.79 करोड़ रुपए के सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूरे हो चुके हैं। नौसर घाटी से स्काउट गाइड कैंप तक सफाई और सफेदी तथा नए मेला मैदान का सर्वे और सीमांकन भी पूरा कर लिया गया है। बता दें कि मेले के दौरान ब्रह्मा मंदिर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए भी बड़े काम प्रस्तावित हैं। मंदिर में इलेक्ट्रिकल और सीसीटीवी इंस्टॉलेशन पर 2.22 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसका तकनीकी टेंडर खुल चुका है। मंदिर के सिविल कार्यों के लिए 74 लाख रुपए के टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। फूलों की सजावट पर 16.20 लाख और अस्थायी विद्युत सजावट पर 13.92 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। दोनों सजावट के कार्य प्रगति पर हैं।