Pushkar Mela: पुष्कर मेले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने जिला पुलिस बल के अलावा अतिरिक्त जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मेले में निगरानी के लिए 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। एसपी के मुताबिक मेले के समापन तक 2500 पुलिसकर्मी राउंड द क्लॉक तैनात रहेंगे। इनके साथ 40 आरपीएस अधिकारी भी व्यवस्था संभालेंगे। आपको बता दें कि यह व्यवस्था 17 नवंबर से मेले के समापन तक जारी रहेगी। हालांकि, मेले की औपचारिक शुरुआत के साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। मेले में सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान मौजूद रहेंगे
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के मुताबिक, यातायात व्यवस्था के लिए रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है। इसकी शुरुआती योजना बना ली गई है। इसके तहत मेला क्षेत्र और पुष्कर के अन्य इलाकों में कुछ स्थानों पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं, कुछ जगहों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा। बता दें कि मेले में वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं। किस श्रेणी के वाहन की पार्किंग कहां होगी, इसकी जानकारी क्यूआर कोड से मिलेगी। इसके लिए मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। वाहन चालक इन्हें स्कैन कर नजदीकी निर्धारित पार्किंग की लोकेशन जान सकेंगे।
इस व्यवस्था का उद्देश्य मेला मैदान, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में वाहनों की आवाजाही से होने वाली परेशानी को रोकना है। प्रशासन का अतिक्रमण हटाने में फोकसः मेले को लेकर प्रशासन का फोकस अस्थायी अतिक्रमण हटाने पर अधिक है। प्रतिदिन नगर परिषद पुष्कर की टीम पुलिस के सहयोग से अलग-अलग क्षेत्रों से अभियान चला कर अस्थायी अतिक्रमण हटा रही है तथा सड़कों पर रखा दुकानदारों का सामान जब्त भी किया जा रहा है। गुरुवार को मेला क्षेत्र के मुख्य मार्ग से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।