Kota News: कोटा शहर में बढ़ती चाकूबाजी और धारदार हथियारों से जुड़े अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कोटा शहर पुलिस अब ऐसे अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत ‘ऑपरेशन हॉक’ शुरू किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य चाकूबाजी की घटनाओं पर रोक लगाना और युवाओं को अपराध तथा आपराधिक गैंग से दूर रखना है। अभियान के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
चाकूबाजी रोकने के लिए शुरू होगा ऑपरेशन हॉक
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि ‘ऑपरेशन हॉक’ के तहत संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों वाले इलाकों में पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई करेंगी। अभियान के लिए शहर में कुल 9 विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में 6 पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं। टीमों को मल्टी डिटेक्टर मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं। अभियान शुरू करने से पहले सभी पुलिसकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस इन टीमों के जरिए चिन्हित हॉटस्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन नाकाबंदी और वाहन जांच करेगी। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों की तलाशी भी ली जाएगी। किसी व्यक्ति के पास चाकू या अन्य धारदार हथियार मिलने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Education: RSSB ने जारी किया संशोधित परीक्षा कैलेंडर, CET समेत 5 भर्ती परीक्षाओं की बदली डेट सामने आई
एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, शहर के कोचिंग क्षेत्रों में चाकूबाजी की घटनाएं अधिक सामने आई हैं। कोटा में देशभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई के लिए आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। कोचिंग संस्थानों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा शहर के होटल और लॉज में भी पुलिस समय-समय पर सत्यापन अभियान चलाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और गतिविधियों की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अभियान के जरिए अपराध पर नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और अपराधियों में कानून का भय पैदा करने का प्रयास किया जाएगा।







