Kota Tourism Summit: कोटा को अब बिजनेस के निवेश और पर्यटन को ग्लोबल मैप पर चमकाने की तैयारी है। शहर में 18 से 20 दिसंबर तक बूंदी रोड स्थित हरियाली रिजॉर्ट में इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट का आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस महाकुंभ में देश के नामी उद्योगपतियों के साथ-साथ विदेशी मेहमान भी कोटा की बदलती तस्वीर और निवेश की संभावनाओं को करीब से देखेंगे। समिट को खास बनाने के लिए नीति निर्माताओं और उद्योग जगत की बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कार्यक्रम में थाईलैंड की राजदूत चवनार्ट थांगसमफंत की मौजूदगी अंतरराष्ट्रीय निवेश और पर्यटन के नए द्वार खोलेगी। इसके अलावा मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 19 दिसंबर को समिट में शिरकत करेंगे। पद्म भूषण डॉ. डी. आर. मेहता (पूर्व चेयरमैन, SEBI एवं पूर्व डिप्टी गवर्नर, RBI), डॉ. के. एल. जैन (RCCI), सुरेश अग्रवाल (अध्यक्ष, FORTI) और नरेंद्र जैन (अध्यक्ष, एम्प्लॉयर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान) कोटा के विकास का रोडमैप साझा करेंगे।
बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित इस समिट में देशभर से करीब 350 से 400 बिजनेस ओनर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स शामिल होंगे। वहीं बीएनआई के पदाधिकारी पीयूष गुप्ता और वाइस प्रेसिडेंट आयुष जैन ने बताया-इस मंच के जरिए कोटा के स्थानीय उद्यमियों को बाहर के निवेशकों से सीधा संवाद करने का मौका मिलेगा। इससे न केवल बाहरी उद्योग कोटा आएंगे, बल्कि कोटा के उत्पादों और सेवाओं को भी देश-विदेश के बाजारों में ले जाया जा सकेगा।
आयोजकों का फोकस सिर्फ बंद कमरों में चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि कोटा के बुनियादी ढांचे और पर्यटन स्थलों की लाइव ब्रांडिंग करना है। बता दें कि बाहर से आने वाले उद्यमियों को दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के फायदों के साथ-साथ कोटा की प्राकृतिक सुंदरता भी दिखाई जाएगी। मेहमानों को मुकुंदरा टाइगर सफारी, चंबल सफारी और विश्वस्तरीय चंबल रिवरफ्रंट का भ्रमण कराया जाएगा।