Kota Electric Bus: कोटा शहर की नगरीय परिवहन व्यवस्था में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। आपको बता दें कि खटारा सिटी बसों को रूटों से हटाकर जल्द ई-बसों को चलाया जाएगा। जल्द ही प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शहर को 100 नई हाईटेक एसी ई-बसों की सौगात मिलने जा रही है। योजना के पहले चरण में 10 अगस्त तक 40 ई-बसों का पहला जत्था कोटा पहुंचने की पूरी संभावना है, जिन्हें इसी महीने से कोटा विकास प्राधिकरण क्षेत्र के 20 प्रमुख रूटों पर उतारा जाएगा।

100 इलेक्ट्रिक बसों से बदलेगी शहर की तस्वीर

आपको बता दें कि शेष 60 बसों के आने के बाद शहर के अन्य नए रूट तय किए जाएंगे। इन बसों का संचालन कोटा बस सर्विसेज लिमिटेड की ओर से किया जाएगा। बसों के लिए सुभाष नगर स्थित बस डिपो का निर्माण काम भी लगभग पूरा हो चुका है। डिपो के प्लेटफॉर्म पर बसों को चार्ज करने वाली हाई-कैपेसिटी चार्जिंग मशीनें इन्स्टॉल कर दी गई हैं। इसके अलावा प्रशासनिक भवन, जीएसएस और मेंटेनेंस सेक्शन पूरी तरह बनकर तैयार हैं।

इस डिपो में एक साथ 100 ई-बसों की पार्किंग और मेंटेनेंस की व्यवस्था की गई है। यह एसी बसें एक बार फुल चार्ज होने पर 200 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेंगी। सफर के दौरान बैटरी खत्म न हो, इसके लिए विभिन्न रूटों पर 'इंटरमीडिएट चार्जिंग स्टेशन' भी बनाए जा रहे हैं। शहर के ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए यह व्यवस्था की गई है कि ई-बसें केवल निर्धारित बस स्टॉप्स पर ही रुकेंगी। इससे सड़कों पर बेवजह जाम की स्थिति नहीं बनेगी और यात्रियों का सफर भी कम समय में पूरा होगा।