Jodhpur Panchayat Election: जोधपुर जिले में पंचायत समिति के चुनावों को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पहले चरण के चुनावों को लेकर गुरुवार को अधिसूचना जारी हो गई है, इसके साथ ही आज से नामांकन भी शुरू हो गए है। पहले चरण के चुनाव 22 और 24 अक्टूबर को होंगे। वहीं दूसरे चरण के 28 और 30 अक्टूबर को होंगे। पहले चरण में जोधपुर जिले की 6 और दूसरे चरण में 17 पंचायत समिति के चुनाव होंगे।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पंचायत चुनाव में मतदाताओं को दो दिन वोट डालने होंगे। पहले वे जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोटिंग करेंगे। दूसरी बार में पंच, सरपंच के लिए वोट डालने होंगे। पहले चरण में शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला और बालेसर के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच/सरपंच के चुनाव होंगे।
वहीं दूसरे चरण में ओसियां, सामराऊ, तिंवरी, उम्मेदनगर, बावड़ी, हतुंडी, भोपालगढ़, आसोप, पीपाड़ सिटी, सालावा खुर्द, मंडोर, लूणी, धवा, बिलाड़ा, कापरड़ा, केरू और झंवर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच/सरपंच के चुनाव होंगे। सरपंच के चुनाव का रिजल्ट वोटिंग के दिन ही आ जाएगा। वहीं पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य के चुनाव परिणाम देवउठनी एकादशी के दिन 20 नवंबर को आएगा। जिला प्रमुख के चुनाव 25 नवंबर और प्रधान के चुनाव 27 नवंबर को होंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान पद और 43 जिला परिषद वार्डों की लॉटरी निकाली जा चुकी है। इससे पहले 13 अगस्त को जिला प्रमुख पद के लिए जयपुर में लॉटरी निकाली जा चुकी है। ये पद अनारक्षित ओपन के लिए रिजर्व हुआ है। जिले की 23 पंचायत समितियों के प्रधान पदों का रिजर्वेशन भी तय हो चुका है। जिले में पंचायत समिति प्रधान के लिए एससी ओपन की 2, एससी महिला की 2, एसटी ओपन की 1 सीट निर्धारित की गई है। वहीं ओबीसी ओपन की 2, ओबीसी महिला की 2 सीटें तय की गई हैं जबकि 7 सीटें अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व की गई हैं। 7 सीट ही अनारक्षित ओपन रहेंगी।







