Indian Railways: उत्तर-पश्चिम रेलवे की ओर से डेगाना-फुलेरा रेलखंड के नावां सिटी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज कार्य के लिए ब्लॉक कार्य अब नहीं होगा। इस कारण जैसलमेर-जयपुर ट्रेन का संचालन अब दोबारा होगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार गाड़ी संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर ट्रेन 7 जुलाई को जैसलमेर से निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित होगी।
पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में लगातार भारी बारिश और जलभराव के कारण रेल संचालन प्रभावित हुआ है। इससे कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। उत्तर-पश्चिम रेलवे की ट्रेन संख्या 14708 दादर-हनुमानगढ़ रणकपुर एक्सप्रेस सोमवार को निर्धारित समय से 3 घंटे 25 मिनट की देरी से दादर स्टेशन से रवाना हुई।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मुंबई सेंट्रल मंडल में जलभराव के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। इसके चलते सुरक्षा कारणों से रणकपुर एक्सप्रेस को देरी से रवाना किया गया। ट्रेन के देरी से रवाना होने के कारण रूट के विभिन्न स्टेशनों पर आने और जाने के समय में भी देरी हो सकती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन से जांच लें।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उत्तर-पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में मंडल ने 2034 मीट्रिक टन कबाड़ का निस्तारण कर 7 करोड़ 41 लाख रुपए का राजस्व अर्जित किया। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत ज्यादा है।