Jaipur News: जयपुर की पहचान बने प्याज की कचौरी, रबड़ी वाला घेवर, मावा मिठाई और पारंपरिक पकवान अब जमैटो के जरिए घर तक नहीं पहुंचेंगे। क्योंकि, जयपुर के प्रमुख मिठाई और हलवाई प्रतिष्ठानों ने जमैटो से दूरी बनाने का फैसला किया है। श्री हलवाई समिति के अनुसार जयपुर के करीब 60 आउटलेट ने 7 सितंबर से जमैटो पर अपने स्टोर अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिए हैं।

7 सितंबर से 60 आउटलेट अनिश्चितकाल के लिए बंद

समिति काआरोप है कि जमैटो की मनमानी और लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने के कारण यह कदम उठाना पड़ा। इससे जमैटो को जयपुर में रोज 1 लाख रु. से अधिक के कारोबार का नुकसान होगा। मिली जानकारी के मुताबिक, एक महीने जमैटो से कई बार पत्राचार और संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जमैटो के बहिष्कार करने का निर्णय किया है। जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक संबंधित मिठाई और हलवाई प्रतिष्ठानों की जमैटो पर ऑनलाइन डिलीवरी उपलब्ध नहीं होगी।

ऐसे में ग्राहकों को पारंपरिक पकवान अब संबंधित दुकानों से सीधे खरीदने होंगे। इस फैसले का असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है, जो प्रसिद्ध मिठाइयां और नमकीन ऑनलाइन मंगाते हैं। सूची में एलएमबी, सोढ़ानी स्वीट्स एंड नमकीन, भगत मिष्ठान भंडार, कानजी, कन्हैयालाल हलवाई सांगानेर, बॉम्बे मिष्ठान भंडार और रावत मिष्ठान भंडार जैसे प्रमुख प्रतिष्ठान शामिल हैं।