Rajasthan Fire News: जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में मणिहारों का कटला के सेठी कॉम्प्लेक्स में गुरुवार सुबह 7 बजे भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि दूसरी मंजिल पर चूड़ियों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। वहीं, धीरे-धीरे 20 दुकानें आग की चपेट में आ गईं। इनमें कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक का सामान, कॉस्मेटिक आइटम और चूड़ियों की दुकानें हैं। जहां आग लगी, वहां से कुछ दूरी पर माणक चौक थाना है। धुआं उठता देख पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। सुबह 8 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। मिली जानकारी के मुताबिक लगभग 30 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। फिलहाल18 दुकानों में आग पर काबू पा लिया है। ऐसे में इलाके की बिजली बंद कर दी गई है। बिल्डिंग में 5 कॉमर्शियल LPG सिलेंडर भी रखे थे, जिन्हें तुरंत हटाया गया। घटना स्थल के पास में पुरोहितजी का कटला में दुकानें नहीं खुली हैं।
प्रत्यक्षदर्शी गार्ड विक्रम सिंह ने बताया कि छोटू भाई के मणिहारी के सामान के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। उस समय गोदाम में मैं और 3 सफाईकर्मी थे। हम ताला तोड़कर शटर ऊंचा करके बाहर निकले और जान बचाई। शटर गर्म होने के कारण मेरा हाथ भी जल गया। वहीं बिल्डिंग मालिक आनंद सेठी है। आग लगने के बाद धुंआ चांदपोल तक फैल गया। इससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन होने लगी है। आग लगने से करीब 4 किलोमीटर का एरिया प्रभावित है। बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार में जाम के हालात हैं। आग के कारण पास की दुकान की दीवार टूटकर गिर गई।
स्थानीय व्यापारी अनीस चंदवानी ने बताया कि सेठी कॉम्प्लेक्स में टॉप पर मालिक आनंद सेठी अवैध रूप से रेस्टोरेंट और होटल बनवा रहे हैं। इसके चलते यहां सुबह वेल्डिंग का काम किया जाता है। इसका स्थानीय लोग और व्यापारी पहले भी विरोध कर चुके हैं, लेकिन निगम ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। यहां ज्यादातर कपड़े की दुकानें हैं। बरामदों में रखा कपड़े का सामान आग की चपेट में आ गया। दुकान मालिक के पास एनओसी थी या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।