Rajasthan Teachers Transfer News: तबादला नीति लागू करने की मांग को लेकर जयपुर के शहीद स्मारक पर तृतीय श्रेणी शिक्षकों (ग्रेड थर्ड टीचर्स) द्वारा आज यानी बुधवार को प्रदर्शन किया गया। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शिक्षकों ने जल्द तबादले शुरू करने, डेपुटेशन नीति में पारदर्शिता लाने और सालों से लंबित मांगों का समाधान करने की मांग उठाई है। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और अधिक व्यापक किया जाएगा।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा और उग्र

ऐसे में थर्ड ग्रेड शिक्षक संघर्ष समिति के प्रदेश संयोजक सुनील महला ने कहा है कि राजस्थान सरकार अपने चुनावी वादे से मुकर रही है। प्रदेश में 100 दिन में थर्ड ग्रेड शिक्षकों का ट्रांसफर करने का वादा कर सरकार सत्ता में आई थी, लेकिन 2 साल से ज्यादा का वक्त बीत गया है और अब तक सरकार शिक्षकों की सुध नहीं ले रही है।

अब शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम हिम्मत नहीं हारेंगे। आज शाम 5 बजे तक तो हम सरकार से सिर्फ ट्रांसफर की मांग कर रहे थे, लेकिन अब हम शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का इस्तीफा चाहते हैं। जब तक सरकार हमारी मांग पूरी नहीं करेगी, तब तक हमारा यह धरना जारी रहेगा।