Jaipur Railway News: जयपुर से पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी के लिए सोमवार को नई स्पेशल ट्रेन शुरू होगी। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव दोपहर 2 बजे खातीपुरा रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन बुधवार रात 12:30 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।

इस ट्रेन से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को फायदा मिलेगा। ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। यह रास्ते में दौसा, बांदीकुई, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, रांची और टाटानगर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री भी जुड़ेंगे

ट्रेन की शुरुआत के मौके पर खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम होगा। इसमें जयपुर के महापौर सुनील कोठारी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, बगरू विधायक कैलाश चंद वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके साथ हीं पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।

22 कोच में एसी, स्लीपर और जनरल की सुविधा

खातीपुरा-सांतरागाछी उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में यात्रियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों के 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 फर्स्ट एसी, 2 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 स्लीपर और 4 जनरल कोच होंगे। इनके अलावा 1 पेंट्रीकार और 2 पावरकार भी लगाए जाएंगे।

रास्ते में 27 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

उद्घाटन स्पेशल ट्रेन खातीपुरा से रवाना होने के बाद दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, खेड़ली, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्जापुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकेगी।

इसके आगे ट्रेन भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, जपला, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, लोहरदगा, रांची, मुरी, पुरुलिया, चांडिल, टाटानगर और खड़गपुर स्टेशन पर ठहराव करेगी। इन स्टेशनों के यात्रियों को भी इस ट्रेन से सफर करने की सुविधा मिलेगी।