Jaipur Railway News: जयपुर जंक्शन का दबाव कम करने के लिए ट्रेनों को खातीपुरा स्टेशन से शुरू करने की योजना आगे बढ़ाई जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जयपुर-गोमती नगर एक्सप्रेस 19715/16 और जयपुर-जोधपुर सुपरफास्ट 22977/78 को जयपुर के बजाय खातीपुरा से संचालित करने की योजना बनाई है। इसकी अनुमति रेलवे बोर्ड से मांगी है। रेलवे ऑपरेटिंग विंग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जयपुर-जोधपुर सुपरफास्ट (हाईकोर्ट) का खातीपुरा से संचालन लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन जयपुर गोमती नगर एक्सप्रेस को वहां शिफ्ट करने की राह आसान नहीं है।

रेलवे ने इससे पहले भी दक्षिण भारत की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को जयपुर जंक्शन के बजाय खातीपुरा से शुरू करने की योजना बनाई थी। इसकी वजह जयपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म और यार्ड पर बढ़ते दबाव को कम करना था। लेकिन खातीपुरा में रेक मेंटेनेंस की पूरी व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी। शहर के अलग-अलग हिस्सों से स्टेशन तक सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण योजना बड़े स्तर पर आगे नहीं बढ़ पाई।

इधर, यात्रियों की सुविधा के लिए रानीखेत एक्सप्रेस को मालाखेड़ा में नया ठहराव दिया गया है। ट्रेन संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस 27 सितंबर से मालाखेड़ा में शाम 5:20 बजे पहुंचेगी और 5:22 बजे रवाना होगी। वहीं, 15014 काठगोदाम-जैसलमेर 28 सितंबर से सुबह 7:46 बजे पहुंचेगी और 7:48 बजे रवाना होगी। इन ट्रेनों का स्टॉपेज फिलहाल प्रायोगिक आधार पर अगले आदेश तक रहेगा।

साबरमती-ऋषिकेश ट्रेन 4 दिसंबर को बदले मार्ग से चलेगीः गाजियाबाद यार्ड में तकनीकी कार्य के चलते साबरमती-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 4 दिसंबर को बदले मार्ग से चलेगी। गाड़ी संख्या 19011 साबरमती से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग दिल्ली, दिल्ली शाहदरा, नोली, शामली व टपरी होकर संचालित होगी।