McDonald's Jaipur: राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैकडॉनल्ड के गौरव टावर स्थित आउटलेट का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही आगामी आदेश तक यहां खाद्य उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। आपको बता दें कि ये कार्रवाई पिछले दिनों टीम ने मारे छापे में फूड ऑयल मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर की है।
कुकिंग ऑयल अनसेफ पाया गया
जयपुर सीएमएचओ द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल के अनुसार, तेल का टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) स्तर तय सीमा 25 से काफी अधिक था, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माना जाता है। टीम को रेस्टोरेंट में उपयोग में लिए जा रहे खाद्य तेल का टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) निर्धारित मानक 25 से बहुत अधिक मिला था जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हो सकता है। मौके से लिया गया यूज्ड कुकिंग ऑयल का नमूना लेकर उसे जांच के लिए लैब भिजवाया गया, जिसकी रिपोर्ट में वह अनसेफ पाया गया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Corruption Case: करौली में SDM काजल मीणा समेत 3 लोग 60 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए, 4 लाख कैश भी बरामद
प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए फूड लाइसेंस निलंबित किया
इसके बाद रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस दिया गया है। साथ ही खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करने के कुछ दिन बाद दोबारा फूड सेफ्टी टीम ने आउटलेट में निरीक्षण किया, लेकिन उसके बाद भी यहां अनेक कमियां पाई गईं हैं। लगातार नियमों की अनदेखी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया। अब इस आउटलेट पर न केवल ऑफलाइन बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए भी किसी प्रकार की खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं की जा सकेगी।







