Rajasthan Corruption Case: राजस्थान के करौली जिले के नादौती में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम काजल मीणा, उनके रीडर और एलडीसी को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम कार्यालय से रिश्वत की राशि के अलावा करीब 4 लाख रुपए और बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।
एसीबी ने शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप का जाल बिछाया
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि SDM ने खातेदारी जमीन के मालिकों के बीच बंटवारे को लेकर फैसला देने के एवज में 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। सवाई माधोपुर एसीबी ने शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप का जाल बिछाया और घूसखोरों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रहीं थी
एसीबी के एडिशनल एसपी ज्ञान सिंह ने बताया कि नादौती SDM ऑफिस में लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रहीं थी। 15 अप्रैल को एक व्यक्ति ने शिकायत देते हुए बताया था कि जमीन के तकासमा में फैसला देने के एवज में नादौती SDM काजल मीणा और उनके रीडर दिनेश ने 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांगी थी। बाद में 50 हजार रुपए में बात तय हुई, लेकिन रीडर ने 10 हजार रुपए और जोड़ दिए। इस तरह 60 हजार रुपए की रिश्वत देना तय हुआ।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है
वहीं एएसपी ने बताया कि एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और ट्रैप का जाल बिछाया गया। गुरुवार को शाम करीब 6 बजे शिकायतकर्ता रुपए लेकर SDM ऑफिस पहुंचा और रीडर दिनेश और LDC प्रवीण को पैसे दिए। इसी दौरान एसीबी की टीम ने रीडर, LDC और SDM काजल मीणा को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके साथ ही एएसपी ज्ञान सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम को SDM ऑफिस से रिश्वत के 60 हजार रुपए के अलावा 4 लाख रुपए और मिले हैं। जिनके बारे में SDM और रीडर से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।








