JDA Land Acquisition: मास्टर प्लान में प्रस्तावित महल रोड के अधूरे सेक्टर रोड लिंक को पूरा करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) अब खातेदारों से अनिवार्य भूमि अवाप्ति करेगा। जोन-14 में महल रोड के 600 मीटर लंबे मिसिंग लिंक के निर्माण के लिए 27 खातेदारों की करीब 24 हजार वर्गमीटर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। जेडीए ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

जेडीए ने जारी किया नोटिफिकेशन

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जिला प्रशासन के साथ प्रभावित खातेदारों की बैठक कर भूमि खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। भूमि अर्जन के बदले खातेदारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। महल रोड का बालाजी मोड़ से रिंग रोड तक करीब 14 किलोमीटर लंबा और 200 फीट चौड़ा मार्ग है, लेकिन इसका अंतिम करीब 600 मीटर हिस्सा पिछले 15 वर्षों से अधूरा है। इस मिसिंग लिंक के कारण 200 फीट चौड़ी सड़क प्रहलादपुरा के पास 40 फीट तक सिमट जाती है। कच्चा रास्ता होने से प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया और रिंग रोड तक सीधी कनेक्टिविटी नहीं मिल पा रही है।

जेडीए भूमि अवाप्ति, पुनर्वासन एवं पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 तथा वर्ष 2016 की धारा-5 के प्रावधानों के तहत भूमि अवाप्त करेगा। इसके लिए एसडीएम सांगानेर और जेडीए जोन उपायुक्त 2 जुलाई को बीलवा अटल सेवा केंद्र में प्रभावित खातेदारों के साथ बैठक कर भूमि खाली करने के संबंध में नोटिस देंगे।

जानें मिसिंग लिंक बनने से क्या होंगे फायदे

प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया की करीब 200 औद्योगिक इकाइयों को महल रोड से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

महल रोड से टोंक रोड जाने के लिए अभी बीलवा या प्रहलादपुरा अंडरपास होकर जाना पड़ता है। 

600 मीटर लिंक बनने के बाद रिंग रोड के साथ आगरा रोड और टोंक-कोटा मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।