Traffic Rule Update: जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बार-बार यातायात नियम तोड़ने वाले ट्रकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब ऑनलाइन चालान के साथ-साथ मौके पर वसूली भी की जा रही है। जिन ट्रकों के खिलाफ 5 या उससे अधिक चालान लंबित हैं, उन्हें टोल प्लाजा पर रोककर पुराने चालान जमा कराने के बाद ही आगे जाने दिया जाएगा। जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देश पर पुलिस ने प्रथम फेज में शाहजहांपुर और मनोहरपुर टोल प्लाजा पर कार्रवाई करना शुरू की है। जल्द ही इसे हाइवे के अन्य टोल नाकों पर भी शुरू की जाएगी।
सितंबर में जयपुर रेंज ने लेन सिस्टम लागू किया
राजस्थान में सबसे पहले गत वर्ष सितंबर में जयपुर रेंज ने लेन सिस्टम लागू किया था। इसके तहत जयपुर ग्रामीण, दौसा, अलवर व कोटपुतली-बहरोड़ जिले में लेन तोड़ने के मामले में 3.81 लाख कार्रवाई की जा चुकी। 1814 कार्रवाई खतरनाक ड्राइव करने सहित कुल 6.27 लाख कार्रवाई की गई है, जिनकी जुर्माना राशि करीब 40.21 करोड़ रुपए है। इनमें 10 हजार से ज्यादा ऐसे वाहन हैं, जिनके खिलाफ 5 से ज्यादा बार चालान कट चुके।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: राज्य में तपती गर्मी के बीच राहत के संकेत, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
रोजाना 20 से 25 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही
रेंज आईजी राहुल प्रकाश का कहना हैं कि सड़क हादसों पर रोक लगाने और सुगम यातायात के लिए लेन सिस्टम लागू किया था। जिलों की टीमों ने एनएचएआई और परिवहन विभाग के सहयोग से हाइवे के अवैध कट बंद कराएं, गड्ढे सही करवाएं और ट्रक ड्राइवर व मालिकों से एक माह तक समझाइश की गई। अब बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बढ़ाई जा रही है। पहले चरण में चयनित टोल प्लाजा पर रोजाना 20 से 25 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आने वाले समय में यह अभियान पूरे हाईवे पर तेज किया जाएगा।