Good News For Farmer: जयपुर डेयरी ने दूध का खरीद मूल्य बुधवार को बढ़ाते हुए दुग्ध उत्पादकों को राहत दी है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि डेयरी प्रशासन इसे 11 अगस्त से लागू करेगा। डेयरी प्रशासन ने खरीद मूल्य में 50 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की है। इससे पहले जयपुर डेयरी ने इसी साल मई में खरीद मूल्य बढ़ाया था।
जयपुर डेयरी के चेयरमैन ओम पूनिया ने बताया कि अभी कम बारिश होने से किसान फसलों की इतनी बुवाई नहीं कर सके, जितनी होनी चाहिए थी। साथ ही बाजार में अब चारा 1200 से 1300 रुपए क्विंटल तक पहुंच गया है। चारे की बढ़ती कीमतों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए डेयरी प्रशासन ने दूध के खरीद मूल्य को 50 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से बढ़ाने का फैसला किया है।
साथ ही चेयरमैन ओम पूनिया ने बताया कि 50 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर बढ़ाने का असर करीब 3 रुपए प्रति लीटर पर पड़ेगा। यानी दुग्ध उत्पादकों को 3 रुपए तक ज्यादा मूल्य दूध बेचने पर मिलेगा। ये अंतर अलग-अलग फैट लेवल मिलने पर अलग-अलग होगा। इसके साथ ही उनका कहना है कि वर्तमान में डेयरी 875 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की दर से खरीद कर रही है। इसे बढ़ाकर अब 925 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा 7 रुपए लीटर का अतिरिक्त भुगतान भी किया जाता है।
आपको बता दें कि जयपुर डेयरी में वर्तमान में जयपुर, दौसा जिलों के अलावा उनके आसपास के एरिया से रोज करीब 14 लाख लीटर दूध का कलेक्शन होता है। ये दूध 2 लाख से ज्यादा पशु पालकों से खरीदा जाता है। यानी इस बढ़ोतरी का सीधा फायदा इन किसानों या पशुपालकों को होगा।