Jaipur Coaching Centers: लखनऊ (यूपी) की कोचिंग में आग लग जाने से 15 लोगों की मौत के बाद जयपुर में प्रशासन भीअलर्ट मोड पर आ गया है। आपको बता दें कि स्टूडेंट्स की सुरक्षा के लिए मंगलवार को जयपुर नगर निगम और पुलिस की टीमों द्वारा फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं के लिए अभियान चलाया गया है। नगर निगम ने फायर फाइटिंग सिस्टम और इमरजेंसी एग्जिट मानकों के अनुसार नहीं होने पर 14 कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी को सील कर दिया है। वहीं, 24 से ज्यादा कोचिंग सेंटर को फायर सेफ्टी का नोटिस दिया है।

नगर निगम के अधिकारी और पुलिस प्रशासन फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने के रास्तों और फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) की जांच कर रहे हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न कोचिंग संस्थानों में तैयारी करते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
इन कोचिंग को सील किया गया है

कार्तिक कॉम्पिटिशन, अरावली क्लासेस, मैड गुरु, राजस्थान जेट क्लासेस, विजीपी क्लासेस/जेजे क्लासेस, एएसपी क्लासेस, क्लास 24, करियर विल ऑफलाइन, इंटरनेशनल क्लासेस, गुरुकुल लाइब्रेरी, डीएन क्लासेस, मां सरस्वती लाइब्रेरी, डीएन लाइब्रेरी, कार्तिक लाइब्रेरी।

फायर फाइटिंग सिस्टम की जांच

अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि भवनों में फायर फाइटिंग सिस्टम सही से काम कर रहा है या नहीं। फायर सेफ्टी उपकरण एक्सपायर तो नहीं हो चुका है। इमरजेंसी एग्जिट खुले और सुगम हैं या नहीं। इसके साथ ही भवन में सुरक्षा संबंधी अन्य आवश्यक चीजें मौजूद हैं या नहीं। इसके साथ ही संस्थानों से फायर एनओसी से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए।