Indian Railway Update: अगर आप ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े जाते हैं तो अब आपको पहले के मुकाबले दोगुना जुर्माना देना पड़ सकता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रेल मंत्रालय ने शुक्रवार शाम रेलवे एक्ट में किए गए संशोधनों को लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही बिना टिकट यात्रा पर लगने वाला न्यूनतम जुर्माना 250 रुपए से बढ़कर 500 रुपए हो गया है। आपको बता दें कि यह नियम 20 जून से लागू माना जाएगा।
वहीं रेल मंत्रालय ने एक दिन पहले 18 जून को देश के सभी रेलवे जोन्स को पत्र भेजकर नए नियमों की जानकारी दी थी। उस समय रेलवे अधिकारियों को बताया गया था कि संशोधित प्रावधान 1 जुलाई से लागू किए जाएंगे। शुक्रवार को मंत्रालय ने गैजेट नोटिफिकेशन जारी कर इन नियमों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया। रेलवे ने दूसरे व्यक्ति के नाम पर बुक टिकट लेकर यात्रा करने वालों के खिलाफ भी नियम कड़े कर दिए हैं। ऐसे में अगर कोई यात्री किसी दूसरे के टिकट पर सफर करते हुए पकड़ा जाता है तो टिकट जब्त किया जा सकता है। इसके साथ पूरा किराया और अतिरिक्त चार्ज भी वसूला जाएगा।
यह भी पढ़ें- Power Cut Update: उदयपुर में पावर कट कैंसिल, री-नीट परीक्षा और शिविरों के चलते बड़ा फैसला
ट्रेन में सामान बेचने और भीख मांगने पर बढ़ा जुर्माना
नए नियमों के तहत ट्रेन या रेलवे स्टेशन पर बिना अनुमति सामान बेचने, फेरी लगाने या भीख मांगने वालों पर भी कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में 2000 रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकेगा। बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जेल की सजा का भी प्रावधान रखा गया है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिए हैं कि नए नियमों की जानकारी टिकट चेकिंग स्टाफ, कमर्शियल विभाग और अन्य संबंधित कर्मचारियों तक तुरंत पहुंचाई जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि संशोधित प्रावधानों के अनुसार ही कार्रवाई की जाए।
जानें रेलवे का नया नियम
बिना टिकट यात्रा पर न्यूनतम जुर्माना 250 से बढ़कर 500 रुपए।
यात्रा का पूरा किराया अलग से देना होगा।
दूसरे के टिकट पर सफर करने पर भी सख्त कार्रवाई।
ट्रेन और स्टेशन पर अवैध फेरी लगाने पर 2000 रुपए तक जुर्माना।
भीख मांगने और बार-बार नियम तोड़ने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई।