Healthy Recipe: बेसन से नाश्ते के लिए परेशान रहते हैं कि क्या बनाएं, जो खाने में हेल्दी भी हो और झटपट बनकर तैयार भी हो जाए। ऐसे में आप लौकी-ओट्स चीला ट्राई कर सकते हैं। यह खाने में हल्का और काफी स्वादिष्ट होता है। इसके साथ ही इसे बनाने में समय भी बहुत कम लगता है। ऐसे में आप इसे सुबह नाश्ते और शाम के स्नैक के तौर पर बनाकर खा सकते हैं। इस लेख में आज हम आपको इसकी रेसिपी बताने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं।

सामग्री

  • लौकी – 1 कप।
  • ओट्स – आधा कप।
  • दही – 2 चम्मच।
  • प्याज – 1।
  • हरी मिर्च – 2।
  • हरा धनिया – 2 चम्मच।
  • नमक – स्वादानुसार।
  • जीरा पाउडर – आधा चम्मच।
  • तेल – आवश्यकतानुसार।

विधि

इसे बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें। अब एक बर्तन में ओट्स, दही और कद्दूकस की हुई लौकी को अच्छी तरह मिला लें। इसमें नमक और जीरा पाउडर डालें। अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं।

इस मिश्रण को करीब 10 मिनट के लिए रख दें। जरूरत के अनुसार इसमें थोड़ा पानी डालकर बैटर तैयार कर लें। ध्यान रखें कि बैटर न तो बहुत गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला।

अब नॉन-स्टिक पैन को गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं। इसके बाद चम्मच की मदद से बैटर को तवे पर डालकर गोल आकार में फैला दें। गैस की आंच धीमी रखें और चीले को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक अच्छी तरह सेंक लें।

जब चीला दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें। आपका स्वादिष्ट और हेल्दी लौकी-ओट्स चीला बनकर तैयार है। इसे आप गरमा-गरम चाय या अपनी पसंदीदा चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।