Gold- Silver Update: दीपावली से पहले सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी का दौर शुरू हो गया है। जयपुर सर्राफा बाजार में महज 2 दिन में सोने की कीमत में 5800 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, चांदी प्रति किलो 9500 रुपए महंगी हो गई है। अक्टूबर में रिकॉर्ड गिरावट के बाद अब कीमती धातुओं के भाव में तेजी लौटने से सर्राफा बाजार में हलचल बढ़ गई है। ऐसे में दीपावली और धनतेरस पर खरीदारी के बीच सोने-चांदी की कीमतों में और तेजी आने की संभावना है।
जयपुर सर्राफा बाजार की ओर से जारी ताजा भाव के अनुसार, 24 कैरेट स्टैंडर्ड सोने की कीमत 1 लाख 47 हजार 800 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गई है। वहीं, 22 कैरेट जेवराती सोना 1 लाख 36 हजार रुपए, 18 कैरेट सोना 1 लाख 15 हजार 300 रुपए और 14 कैरेट सोना 91 हजार 700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। इसी तरह चांदी की कीमत 1 लाख 93 हजार 500 रुपए प्रति किलो हो गई है।
अक्टूबर में सोना 10,700 और चांदी 44 हजार तक गिरी थी
बता दें कि इससे पहले अक्टूबर महीने में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सोने की कीमत में 10,700 रुपए प्रति 10 ग्राम की कमी आई थी। वहीं, चांदी प्रति किलो 44 हजार रुपए तक सस्ती हो गई थी। लगातार गिरावट के कारण बाजार में कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। अब दीपावली से पहले कीमतों में तेजी लौटने से बाजार का रुख बदलता नजर आ रहा है। महज 2 दिन में सोने में 5800 रुपए और चांदी में 9500 रुपए की बढ़ोतरी ने खरीदारी के लिए बाजार आने वाले ग्राहकों के बजट पर भी असर डाला है।
यह भी पढ़ें- SMS Hospital: पिछले साल पटाखों से 90 लोग हुए थे घायल, इस बार SMS अस्पताल ने की खास तैयारी
धनतेरस से पहले जानें जयपुर के ताजा भाव
दीपावली और धनतेरस के दौरान सोने-चांदी की खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतों में तेजी से ग्राहकों को अधिक खर्च करना पड़ सकता है। सर्राफा व्यापारियों का मानना है कि डॉलर में उतार-चढ़ाव और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के असर से आने वाले दिनों में कीमतों में तेजी जारी रह सकती है। जयपुर सर्राफा बाजार में फिलहाल सोने और चांदी के भाव में तेजी का रुख बना हुआ है। हालांकि, कीमतों में आगे कितना उछाल आएगा, यह अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर की चाल और वैश्विक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।