Kaman Village: मंगलवार को कामां स्थित एसडीएम कार्यालय में एक बड़ी घटना घटी। दरअसल एक परिवार के पांच सदस्यों ने सामूहिक जान देने का प्रयास किया। उनका यह आरोप था कि 22 बीघा कृषि भूमि पर लगी उनकी बाजरे की फसल को कुछ लोग जबरन काट कर ले गए। पहले तो परिवार ने खुद पर पेट्रोल डाला और उसके बाद आग लगाने की कोशिश करी। लेकिन सतर्क कर्मचारियों ने उन्हें यह करने से रोक लिया।

घटना का विवरण 

रिपोर्ट के मुताबिक खजान सिंह जाट के पुत्र जल सिंह अपनी पत्नी श्यामवती, बेटी द्रोपा और बहू पिंकी और प्रिया के साथ एसडीएम कार्यालय पर अपनी शिकायत को दर्ज करने के लिए पहुंचे थे। स्थिति तब खराब हुई जब जल सिंह और उनकी पत्नी ने एसडीएम सुभाष यादव के कक्ष के सामने पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर और साथ ही परिवार के बाकी सदस्य पर डालना शुरू कर दिया। कार्यालय के कर्मचारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उन्हें रोक लिया।

पुलिस कार्रवाई 

सूचना मिलते ही थाने के अंतू लाल और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। ऐसा कहा जा रहा है कि पुलिस को देखकर परिवार की महिलाओं ने और भी ज्यादा आक्रामक तरीके से विरोध किया। इस वजह से अधिकारियों को मदद के लिए महिला कांस्टेबल को बुलाना पड़ा। बाद में पूरे परिवार को पुलिस स्टेशन ले जाया गया और शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार भी कर लिया गया।

2014 से जमीन विवाद 

जल सिंह के मुताबिक 22 बीघा जमीन को लेकर यह विवाद 2014 से चल रहा है। एसडीएम कोर्ट द्वारा अंतिम फैसला 8 जनवरी को सुनाया गया। इसके बाद संभागीय आयुक्त के आदेश मिलते ही कामां तहसीलदार ने जल सिंह के नाम आधिकारिक तौर पर दाखिल खारिज दर्ज किया। परिवार का दावा है कि उनकी सहमति के बिना ही फसल काट ली गई।

यह भी पढ़ें- Fertilizer Supply: किसानों के हित के लिए राज्य सरकार ने उठाया बड़ा कदम, यूरिया और डीएपी की उपलब्धता पर विशेष ध्यान