Electricity Bill Disputes: बिजली बिलों से जुड़े विवादों में अब उपभोक्ताओं को डिस्कॉम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जयपुर डिस्कॉम ने शिकायत निवारण प्रक्रिया को आसान बनाते हुए बिल विवादों की सुनवाई ऑनलाइन करने की सुविधा शुरू कर दी है। इससे 5 लाख रुपये से अधिक राशि वाले बिल विवादों में भी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। इसके तहत 5 लाख से ज्यादा राशि के बिलिंग विवादों में परिवादी जयपुर स्थित मुख्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की वजह सर्किल कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना पक्ष रख सकेंगे।

जोधपुर डिस्कॉम में भी शुरू होगी ये व्यवस्था

आपको बता दें कि  डिस्कॉम में वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यालय स्तर पर प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्य कमेटी हर महीने ऐसे मामलों की सुनवाई करेगी। वहीं ₹500000 तक के मामलों की सुनवाई जोनल स्तर पर की जाएगी। जिसके तहत उपभोक्ता के सुनवाई से तीन दिन पहले फोरम को सूचना देनी होगी। इससे उपभोक्ताओं का समय भी बचेगा। इसके साथ ही यात्रा में होने वाला खर्च भी बचेगा। अब कर्मचारियों को भी मामलों में पेश होने के लिए मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। वहीं अगले महीने जोधपुर डिस्कॉम भी इस व्यवस्था को शुरू कर देगा।

आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कर सकते हैं शिकायत दर्ज

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उपभोक्ता अपनी शिकायतें डिस्कॉम की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज कर सकते हैं और तय समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई में शामिल हो सकते हैं। इस नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और विवादों का समाधान तेजी से हो सकेगा।