Rajasthan Road Accident: झुंझुनूं में ड्यूटी पर जा रहे बिजली विभाग के कर्मचारी को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। वहीं डंपर कर्मचारी को स्कूटी सहित 100 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में कर्मचारी गंभीर घायल हो गया। उनका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
डंपर ने स्कूटी को मारी टक्कर
बालाजी चौकी प्रभारी जगदीश सिंह ने बताया कि पीड़ित के साले सुनील स्वामी की रिपोर्ट पर गुढ़ागौड़जी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंपर की पहचान कर ली। आरोपी की तलाश की जा रही है।
कर्मचारी की हालत गंभीर
मिली जानकारी के मुताबिक, गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र निवासी किशोरीलाल स्वामी उम्र 63 साल, बिजली विभाग में रिटायरमेंट के बाद कॉन्ट्रैक्ट पर LDC के पद पर कार्यरत हैं। वह रोज की तरह स्कूटी से बड़ागांव विद्युत निगम कार्यालय ड्यूटी पर जा रहे थे। स्टेट हाईवे-37 पर खींवसर बस स्टैंड के पास बालाजी चौकी से करीब 300 मीटर दूर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किशोरीलाल स्कूटी सहित घसीटते गए। उन्हें सिर सहित बॉडी के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस उन्हें बड़ागांव के सरकारी हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें झुंझुनूं रेफर कर दिया। फिलहाल उनका जिला हॉस्पिटल में इलाज जारी है।