Rajasthan Road Accident: आएदिन सड़क हादसों की खबर सामने आती रहती है। वहीं दौसा जिले के पापड़दा थाना क्षेत्र दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर आज सुबह भीषण हादसा हो गया। जिसमें चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक व्यक्ति को हलकी-फुलकी चोट आई है। घायल का इलाज दौसा जिले अस्पताल में चल रहा है। आपको बता दें कि यह हादसा आज सुबह तकरीबन 5:30 बजे हुआ। यह हादसा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस पर पिलर संख्या 193 के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार से आ रही थी।

कार आगे से पूरी तरह चकनाचूर

कार अचानक से आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। जिसका ट्रक ड्राइवर को पता नहीं चला और वह कार को लगभग 8 किलोमीटर तक घसीटते हुआ ले गया। हादसे में कार आगे से पूरी तरह चकनाचूर हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शव को बाहर निकाला। शव गाड़ी में बुरी तरह फंसे हुए थे। इस वजह से शव को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव को कार से बाहर निकालने में लगभग 2 घंटे लग गए। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है। इस दौरान सड़क पर काफी लंबा जाम भी लग गया।

मामल की जांच कर रही पुलिस
पापड़दा थाना के एएसआई नेमीचंद ने बताया कि कार में कुल पांच लोग थे। जिसमें से चार लोगों की मौके पर ही जान गंवा दी। मृतकों की पहचान मोहन, पारस, राहुल और प्रिंस के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक यूपी के नोएडा के रहने वाले थे। मिली जानकारी के मुताबिक कार का सुबह 4:35 बजे टोल काटा था। उसके कुछ समय बाद हादसा हो गया। टक्कर के बाद कार को ट्रक काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। वहीं चीख-पुकार सुनने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कार का शीशा तोड़ कर व्यक्ति को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर नोएडा वापस जा रहे थे। फिलहाल पुलिस पापड़दा थाना मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।