Bundi Road Accident: बूंदी जिले से दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां वाहन की टक्कर से बाइक समेत युवक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। वहीं, लगभग 30 से 40 फीट नीचे गिरने से युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत में युवक को बूंदी हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से कोटा एमबीएस हॉस्पिटल रेफर किया गया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह हादसा तालेड़ा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक बाइक सवार युवक राजेश कुमार सैनी था। तालेड़ा थाना पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि राजेश बूंदी से अपने घर कोटा लौट रहा था। रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह बाइक समेत फ्लाईओवर की पुलिया से नीचे जा गिरा। राजेश के भाई अनिकेत ने बताया कि हादसे के बाद मौके से गुजर रहे एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे बूंदी हॉस्पिटल ले जाया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद उसे कोटा एमबीएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यदि बूंदी अस्पताल में समय पर बेहतर इलाज मिलता तो राजेश की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, तालेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।