rajasthanone Logo
Bhilwara On High Alert: भीलवाड़ा में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। ऐसे में पुलिस ने शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। आइए जानते हैं पूरी खबर।

Bhilwara On High Alert: भीलवाड़ा शहर में बुधवार दोपहर बम मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। शहर के प्रमुख पब्लिक प्लेस पर पुलिस की टीमें पहुंची और हर संदिग्ध वस्तु की चेकिंग की। साथ ही मेटल डिटेक्टर से भी जांच की गई। इसके साथ ही शहर की भीड़भाड़ वाली जगहों, धार्मिक स्थल और बैंक परिसर में भी टीमों ने चेक किया। पुलिस को शहर के प्रमुख हिस्सों में बम व संदिग्ध वस्तु रखने का इनपुट मिला था, जिसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और शहर के सभी थानों को हाई अलर्ट मोड पर तुरंत एक्टिव किया गया। एसपी सागर राणा के निर्देशों पर पुलिस तुरंत एक्शन में आई और अलग-अलग थाना सर्कल ने अपने-अपने एरिया के प्रमुख बैंकों, बड़े धार्मिक स्थलों और पब्लिक प्लेस पर विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई और सुरक्षा जांच की गई।

बम अलर्ट के बाद भीलवाड़ा में हाई अलर्ट

मिली जानकारी के मुताबिक, जिला कलेक्टर कार्यालय में एक मेल आया था, जिसमें शहर के 30 किलोमीटर के दायरे के धार्मिक स्थल, बैंक सहित प्राइवेट प्लेस पर संदिग्ध वस्तु और बम का इनपुट था। इस पर शहर के सभी थानों को एक्टिव किया गया सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें डीएसटी, बम निरोधक दस्ता और पुलिस के आला अधिकारी इन स्थानों पर पहुंचे और चेकिंग की। फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या बम मिलने की सूचना नहीं है। पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

गांधीनगर थाने के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को इनपुट मिला था कि शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, बैंक और पब्लिक प्लेस पर बम और संदिग्ध वस्तु हो सकती है। इस इनपुट के बाद शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल गणेश मंदिर, एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में पहुंचकर चेकिंग की गई। यहां आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की गई और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा जांच के लिए तीन टीमों गठन किया। इन टीमों में जिला विशेष टीम (डीएसटी) बम निरोधक दस्ता और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

बम की सूचना के बाद शहर में सघन जांच अभियान जारी

ऐसे में अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर चेकिंग अभियान को जारी रखा गया है। वहीं पुलिस ने आम जनता से भी अपील की कि उन्हें किसी भी स्थान पर कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

5379487