Bharatpur News: भरतपुर शहर में बी नारायण गेट के पास नाले में बुधवार सुबह 9.00 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है जिसकी वजह से शव का पूरी तरह गल चुका है। सूचना पर मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। 

जांच पड़ताल में जुटी मथुरा पुलिस

स्थानीय लोगों ने बताया है कि एक लड़का नाले के पास वाली दुकान पर जूस पीने के लिए आया था। उसे नाले में पैर दिखाई दिए और वहां मौजूद लोगों को बताया। जब पास जाकर देखा गया तो नाले के भीतर एक शव पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना मथुरा गेट थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। 

पुलिस ने बताया है कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है क्योंकि पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका है। अंदेशा है कि शव चार से पांच दिन पुराना हो सकता है। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।