Ajmer To Mumbai Train News: अजमेर के यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है है। आपको बता दें कि मुंबई के लिए 2 और दौंड (पुणे) के लिए एक साप्ताहिक स्थायी ट्रेन शुरू की गई है। ये तीनों ट्रेनें अब तक अस्थायी तौर पर चल रही थीं, जिन्हें रेलवे बोर्ड ने नियमित रूप से चलाने का फैसला किया है। शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और अजमेर दक्षिण से विधायक अनीता भदेल सहित रेलवे के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर मुंबई जाने वाली ट्रेन को रवाना किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया- रेल मंत्रालय ने अजमेर रेलवे स्टेशन से 3 नई साप्ताहिक ट्रेनों के संचालन को स्वीकृति दे दी है। अजमेर मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली इन नई रेल सेवाओं से राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत और सुविधा मिलेगी।

वहीं भागीरथ चौधरी ने बताया कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में दायित्व संभाला है, तब से देश के हर क्षेत्र में विकास हुआ है। कोरोना काल और विश्व में विपरीत परिस्थितियां होने के बावजूद, विकास कार्य निरंतर जारी हैं। अजमेर से शुरू हुई तीनों ट्रेनों से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। विधायक अनीता भदेल ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। विशेष त्योहारों पर भी यात्रियों के लिए ट्रेनें चलाई जाती हैं। समर वेकेशन को देखते हुए साप्ताहिक रूप से तीन ट्रेनें चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर आने वाले और यहां से जाने वाले यात्रियों को आरामदायक सुविधाएं प्रदान करने का काम किया है।

अब चलेंगी ये ट्रेनें

ट्रेन संख्या 09621/09622 अजमेर-मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। यह ट्रेन जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत होकर चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 09625/09626 अजमेर-दौंड साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को संचालित की जाएगी। यह ट्रेन जयपुर, कोटा, रतलाम और पुणे होते हुए दौंड तक जाएगी। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 09653/09654 अजमेर-मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को चलेगी, जो चित्तौड़गढ़, रतलाम और सूरत होकर संचालित होगी।