Railway Underpass Ajmer: अजमेर-खंडवा रेल लाइन पर बड़गांव स्थित रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी-5) में साढ़े तीन साल से भरे करीब 10 फीट गंदे पानी की समस्या का उत्तर पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को स्थायी समाधान कर दिया। पानी निकलने के साथ ही नया और पुराना बड़गांव फिर से जुड़ने का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे ने पानी की निकासी के लिए स्थायी ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया है।
आरयूबी-5 से हटूंडी की ओर आरयूबी-10 के नाले तक करीब दो किमी लंबा पक्का नाला व ड्रेनेज लाइन बनाई गई। इसके बाद ट्रैक्टर संचालित दो मड पंप लगाकर अंडरपास से पानी निकाला गया। अंडरपास से पानी पूरी तरह निकल चुका है। अब कीचड़ व कचरे को हटाया जाएगा।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अंडरपास के दोनों ओर बने वेल के जरिए पहले पानी जमीन में समा जाता था, लेकिन अजमेर में भूजल स्तर बढ़ने के बाद पानी का रिवर्स फ्लो शुरू हो गया। वहीं महिला इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र से शहर का गंदा पानी भी खेतों के रास्ते अंडरपास में पहुंचने लगा। इससे नया और पुराना बड़गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया था। इसके साथ ही आपको बता दें कि एक लाख आबादी प्रभावित, 250 बच्चों की पढ़ाई भी छूट गई थी। वहीं अंडरपास बंद होने से नया और पुराना बड़गांव सहित आसपास का क्षेत्र दो हिस्सों में बंट गया था। करीब एक लाख लोग सीधे प्रभावित हुए।