Ajmer Infrastructure: नगर निगम की ओर से पुरानी आरपीएससी से जयपुर रोड बाईपास होते हुए अशोक उद्यान तक करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है। हालांकि, परियोजना को पूरा होने में अभी समय लग सकता है। करीब 6 किमी लंबी सड़क का काफी हिस्सा दूसरे विभागों के अधीन है। इन हिस्सों के लिए अभी एनओसी नहीं मिली है। क्लियरेंस मिलने के बाद ही काम तेजी से शुरू हो सकेगा।

फिलहाल निगम ने पुरानी आरपीएससी के सामने से काम शुरू किया है। रामसेतु की पुलिया उतरते ही सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काम चल रहा है। यहां लगी लोहे की ग्रिल और फव्वारे हटवा दिए गए हैं। सड़क को आगे भी चौड़ा किया जाएगा।

सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ दोनों ओर की दीवारों की रिपेयरिंग और रंग-रोगन कराया जा रहा है। इन पर अजमेर से जुड़े प्रसंगों की पेंटिंग करवाई जाएगी। विभिन्न विभागों ने अपनी दीवारों के उपयोग की मंजूरी दे दी है। निगम इन दीवारों की भी मरम्मत करा रहा है। सड़क के कुछ हिस्सों में अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले निर्माण भी हटाए जाएंगे। यह कार्रवाई निकाय चुनाव के बाद शुरू होगी। शहर के प्रमुख सरकारी कार्यालयों और प्रमुख चौराहों के पास रंग-बिरंगे फव्वारे लगाए जाएंगे। इनके साथ कलाकृतियां भी होंगी।