Rajasthan Weather: राज्य में मौसम तेजी से बदल रहा है। वहीं मार्च में ही जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। ज्यादातर जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग द्वारा हीटवेव को देखते हुए खास गाइडलाइन भी जारी की गई है। विभाग द्वारा लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से मना किया है। वहीं बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से राजस्थान की कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश हो सकती है। जिससे तापमान में गिरावट होने के आशंका जताई जा रही है।
मार्च में ही तापमान 40 डिग्री
राजस्थान में अप्रैल के बाद ही गर्मी का एहसास होता था, लेकिन इस साल मार्च की शुरुआत में ही भीषण गर्मी लोगों को सता रही है। जहां जून, जुलाई में 40 डिग्री सेल्सियस के पास तापमान पहुंचता था। वहीं मार्च में ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है, जो कि सामान्य से कई ज्यादा है।
दिन के समय काफी तेज धूप और गर्म हवा
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्म हवाएं चलने से लू जैसे स्थिति बन गई है। वहीं जयपुर में दिन के समय काफी तेज धूप और गर्म हवा चल रही है। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ऐसे में दिन का तापमान भी सामान्य से अधिक रिकार्ड किया गया। इस वजह से गर्मी का असर लगातार बना हुआ है।
गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान में गिरावट हो सकती है। बताया जा रहा है कि 11 से 13 मार्च तक कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ तेज हवा चलने और हल्की-हल्की बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में दिन के तापमान में गिरावट हो सकती है। ऐसे में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बादल छाने और बारिश होने से तापमान में बदलाव तो होगा लेकिन मार्च के अंत तक तापमान फिर से बढ़ सकता है।
जानें मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
ऐसे में अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो अजमेर में 36.6 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 37.2 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 36.5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 35.7 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 37.0 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 38.1 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 39.1 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर 38.0 डिग्री सेल्सियस, श्री गंगानगर में 36.1 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।








