Road Accident: भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में जाटौली घना गांव के पास ट्रेलर से टक्कर में पिकअप सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आपको बता दें कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा ट्रेलर में फंस गया, जिसे निकालने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।  बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रेलर और पिकअप दोनों भरतपुर से आगरा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार से आगे चल रहे ट्रेलर के पीछे जा घुसी।

घायलों को बाहर निकालने में काफी मेहनत करनी पड़ी

टक्कर इतनी जोर से लगी कि पिकअप का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरीके से फंस गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही सारस चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। पिकअप में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस को लगभग आधे घंटे तक मेहनत करनी पड़ी। कड़ी मशक्कत करने के बाद पिकअप को ट्रेलर से निकाल गया और घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस का कहना है कि पिकअप में तीन लोग सवार थे जो कि गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।  

मामले की जांच कर रही पुलिस

इसके साथ ही बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं और सभी किसी काम की वजह से आगरा जा रहे थ।  सारस चौकी इंचार्ज राधा किशन ने बताया कि हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को चौकी पर खड़ा करवा दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है।