Rajasthan Job Fair: प्रदेश के सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थियों को नौकरी और इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जॉब फेयर आयोजित किए जाएंगे। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। आयुक्तालय ने इससे पहले सभी सरकारी कॉलेजों से शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में आयोजित जॉब फेयर, कैंपस प्लेसमेंट, चयनित विद्यार्थियों और वास्तव में नौकरी पाने वालों का रिकॉर्ड मांगा है।

कॉलेज प्राचार्यों को जिला स्तर पर रोजगार मेले आयोजित कराने और कैंपस प्लेसमेंट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इनमें कंपनियों, औद्योगिक संस्थानों और रोजगार प्रदाता एजेंसियों को बुलाया जाएगा। 3 साल में रोजगार विभाग की ओर से आयोजित फेयर में 1.30 लाख से ज्यादा छात्रों को फायदा मिला है। जिन कॉलेजों में कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल नहीं है, वहां तत्काल सेल गठित कर नोडल अधिकारी नियुक्त करना होगा। पहले से गठित सेल को भी सक्रिय किया जाएगा। इसके अलावा कॉलेज अपने स्तर पर भी कंपनियों को बुलाकर कैंपस प्लेसमेंट करा सकेंगे। प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को रोजगार दिलाने के लिए कितने जॉब फेयर और कैंपस प्लेसमेंट आयोजित हुए, कितने छात्रों का चयन हुआ और कितनों को वास्तव में नौकरी मिली, अब इसका हिसाब जुटाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Jaipur Election Results: जयपुर पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा 250 सीटों पर जीत, भाजपा 97 और RLP 62 पर सिमटी

2023 से लग रहे फेयर, अब तक 1,30,837 चयनित हुए

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सितंबर 2023 तक 17 मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया, इनमें 37,152 अभ्यर्थी चयनित हुए। मार्च 2024 तक 72 कैंपस प्लेसमेंट शिविर लगे, इनमें 4,588 अभ्यर्थी चयनित हुए। दिसंबर 2024 तक 95 रोजगार सहायता शिविर लगे, इनमें 39,600 अभ्यर्थी चयनित हुए। दिसंबर 2025 तक 167 रोजगार सहायता शिविर लगे, इनमें 49,497 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।