Railway Recruitment: रेलवे की इस साल निकली आठ भर्तियों के जरिए 28,887 पदों पर भर्ती होगी। इनमें सबसे बड़ी परीक्षा सहायक लोको पायलट (एएलपी) के 11,127 पदों के लिए 3 से 5 नवंबर तक होगी। अजमेर रेलवे भर्ती बोर्ड के अधीन एक लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राजस्थान के अजमेर सहित 8 शहरों में 22 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा रोजाना तीन पारियों में होगी और प्रतिदिन करीब 33 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। एएलपी भर्ती में अजमेर आरआरबी के हिस्से में 718 पद हैं। इनमें उत्तर पश्चिम रेलवे के 600 और पश्चिम मध्य रेलवे के 118 पद शामिल हैं।
4 भर्तियों की परीक्षाएं बाकी
तकनीशियन, सेक्शन कंट्रोलर और जूनियर इंजीनियर भर्ती की प्रारंभिक परीक्षाएं अक्टूबर में हो चुकी हैं। पैरामेडिकल के 590 पदों की परीक्षा नवंबर में प्रस्तावित है। एनटीपीसी स्नातक स्तर के 3,548, 12वीं स्तर के 1,688 और स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों की परीक्षाओं का कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। आवेदन, परीक्षा, परिणाम और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अगले साल तक चलने की संभावना है। वहीं, अजमेर आरआरबी अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि केंद्र पर प्रवेश के लिए आधार अनलॉक जरूरी है।










