Government Job: अजमेर डाक मंडल के अंतर्गत डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के नए व्यवसाय में बढ़ोतरी के लिए प्रत्यक्ष अभिकर्ता (Direct Agent) और क्षेत्र अधिकारी (Field Officer) के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए इंटरव्यू 11 दिसंबर, शुक्रवार को सुबह 11 बजे प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मण्डल, आगरा गेट कार्यालय में होंगे।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मण्डल ने बताया कि ये दोनों पद पूर्णतः अस्थायी आधार पर होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनके द्वारा किए गए व्यवसाय एवं प्रदर्शन के आधार पर विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार प्रोत्साहन राशि (Incentive) दी जाएगी। वहीं इन पदों पर किसी प्रकार का मासिक अथवा स्थायी वेतन देय नहीं होगा। भविष्य में स्थायी नियुक्ति का कोई दावा अथवा परिवाद स्वीकार्य नहीं होगा।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्रत्यक्ष अभिकर्ता पद के लिए आवेदक का केंद्र अथवा राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10वीं या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। वहीं इस पद के लिए बेरोजगार एवं स्वनियोजित युवा, भूतपूर्व जीवन बीमा सलाहकार, पूर्व बीमा एजेंट, भूतपूर्व सैनिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल एवं पंचायत से जुड़े व्यक्ति तथा अन्य विभागों में कार्यरत ऐसे सरकारी कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें मण्डल प्रमुख द्वारा इस पद के लिए योग्य माना जाएगा।
क्षेत्र अधिकारी पद के लिए केंद्र और राज्य सरकार के रिटायर्ड अधिकारी और कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) भी इस पद के लिए योग्य होंगे। ग्रुप ए और बी के रिटायर्ड अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि आवेदक के खिलाफ कोई विभागीय जांच या कोर्ट में मामला लंबित नहीं होना चाहिए।