Digital India Campaign: राजस्थान में लगातार पीएम मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने का प्रयत्न किया जा रहा है। इसी दिशा में एक और सराहनीय पहल शुरू की गई है। प्रदेश में “वी शक्ति ट्रस्ट” द्वारा ई-लाइब्रेरी और “ई ज्ञान वाहन” की शुरुआत की जा रही है। जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोग किताबों से जुड़ सकें।

अलवर में ई ज्ञान वाहन शुरू

अलवर जिले से ई वाहन “ई गुरुकुल” के तहत संचालित किया जाएगा। यहां करीब 101 ई लाइब्रेरी संचालित की जानी है, जिसमें से 66 लाइब्रेरी का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब ये वाहन स्कूलों, बस्तियों और गांवों में जाकर 4 साल के बच्चों से लेकर 80 साल के बुजुर्गों तक को किताबें उपलब्ध कराएंगे। जानकारी के मुताबिक अभी ये हार्ड बुक के रूप में किताबें मिलेंगी आगे चलकर इसे डिजिटल भी किया जाएगा। 

ई लाइब्रेरी में बनाए गए प्रकोष्ठ

इन ई लाइब्रेरी में 8 प्रकोष्ठ बनाए गए हैं। जिन्हें शक्ति सदन, बाल वाटिका, विद्या कक्ष, प्रतियोगिता प्रांगण, गौ संवाद सदन, जन पुस्तकालय, कौशल कोश और मनोरंजन मंजुषा सदन नाम दिया गया है। 

कैसे कर पाएंगे उपयोग

आपको बता दें कि ई लाइब्रेरी और ई वाहन का उपयोग करने के लिए सबसे पहले इसमें एनरोलमेंट करना होगा। एनरोलमेंट प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन रखी गई है। बच्चों की उपस्थिति  बायोमैट्रिक से दर्ज होगी ताकि पेरेंट्स को भी पता रहे कि मेरे बच्चे लाइब्रेरी गए हैं या नहीं। 

कब तक शुरू हो पाएंगी लाइब्रेरी?

शिक्षा की अलख जगाने के लिए 101 ई लाइब्रेरी संचालित की जानी है। जिसमें से 66 लाइब्रेरी का काम पूरा हो चुका है। सभी ई लाइब्रेरी को 30 जून तक संचालित करने का प्रयास है। लाइब्रेरी के लिए 5 सदस्यीय एडवाइजरी ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें एक बुजुर्ग, एक युवा छात्र व एक महिला को सदस्य के रूप में आवश्यक रूप से जोड़ा जाएगा।