PM Surya Ghar Yojana: बढ़ते बिजली बिलों से राहत पाने के लिए लोगों के पास घरों की छत पर सोलर प्लांट लगवाने का मौका है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूकता और पंजीकरण में मदद के लिए डिस्कॉम ने अजमेर में 5 से 17 नवंबर तक शिविर लगाया है। आपको बता दें कि जिला कलेक्टर लोकबंधु ने गुरुवार दोपहर 1 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में रिकॉर्ड शाखा के पास शिविर का उद्घाटन किया। वहीं, योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र सरकार से अधिकतम 78 हजार रुपए की सब्सिडी मिलेगी। मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना के पात्र उपभोक्ताओं को राज्य सरकार की ओर से 17 हजार रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी का प्रावधान है। इस तरह पात्र उपभोक्ता को कुल 95 हजार रुपए तक की सब्सिडी मिल सकती है।
सोलर प्लांट लगवाने पर मिलेगी भारी सब्सिडी
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि योजना में एक किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाने पर 30 हजार रुपए और दो किलोवाट पर 60 हजार रुपए की केंद्रीय सब्सिडी मिलेगी। तीन किलोवाट या इससे अधिक क्षमता का प्लांट लगाने पर अधिकतम 78 हजार रुपए मिलेंगे। सोलर प्लांट से उपभोक्ता घर की छत पर बिजली बना सकेंगे। इससे बिजली बिल में बचत होगी और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी कम होगी।
सोलर प्लांट के लिए 17 नवंबर तक शिविर
साथ ही बता दें कि शिविर में ऑनलाइन आवेदन, अधिकृत वेंडर का चयन, प्लांट की क्षमता तय करने, स्थापना, नेट मीटरिंग और केंद्र व राज्य सरकार की सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई जाएगी। उपभोक्ताओं की शंकाओं और समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। योजना की जानकारी लेने और पंजीकरण में मदद के लिए आमजन 17 नवंबर तक कलेक्ट्रेट परिसर में रिकॉर्ड शाखा के पास पहुंच सकते हैं। शिविर के उद्घाटन के दौरान अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल, अधिशासी अभियंता अमरचंद मीणा, टाटा पावर अजमेर की ग्रुप हेड (सोलर) तृप्ति गौतम और सिटी एक्सीलरेशन प्रोग्राम के सिटी हेड विपिन अत्री मौजूद रहे।