rajasthanone Logo
Healthy Breakfast Recipe: आज हम आपके साथ सूजी-पोहा बाइट्स बनाने की रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं, जो खाने में बहुत ही टेस्टी होते हैं। साथ ही मिनटों में बनकर तैयार होते हैं।

Healthy Breakfast Recipe: शाम होते-होते हर किसी का कुछ स्वादिष्ट खाने का मन करने लगता है। वहीं फिटनेस का ख्याल रखते हुए हम तला-भुना खाना खाने से बचते हैं। ऐसे में अगर आप भी शाम के नाश्ते के लिए कुछ हेल्दी तलाश रहे हैं, तो यह लेख आपके काम आ सकता है। आज हम आपको बेहद स्वादिष्ट सूजी-पोहा बाइट्स बनाने का तरीका बताएंगे, जो बनाने में बहुत आसान होते हैं। इसके साथ ही ये झटपट बनकर तैयार हो जाते हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

सामग्री

  • पोहा – 2 कप।
  • सूजी – 1 कप।
  • दही – 1 कप।
  • नमक – स्वादानुसार।
  • हरी धनिया – ½ बड़ा चम्मच।
  • तेल – 1 चम्मच।
  • जीरा – 1 चम्मच।
  • राई – ½ चम्मच।
  • सफेद तिल – ¼ चम्मच।
  • हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई।
  • रेड चिली फ्लेक्स – स्वादानुसार।

विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले पोहे को एक बड़े बाउल में डालकर अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इसमें सूजी और दही डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिला लें। अब इस मिश्रण को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।

जब सूजी अच्छी तरह फूल जाए, तब इसमें नमक और हरी धनिया डालकर मिला लें। इसके बाद हाथों पर थोड़ा तेल लगाकर छोटे-छोटे बाइट्स या टिक्कियां बना लें।

फिर एक स्टीमर की प्लेट को हल्का सा ग्रीस करें और उसमें तैयार किए हुए बाइट्स रख दें। इन्हें 10 मिनट तक स्टीम कर लें। स्टीम होने के बाद ये बाइट्स नरम, स्पंजी और स्वादिष्ट बन जाएंगे।

अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें। इसमें जीरा और राई डालकर चटकाएं। फिर सफेद तिल और हरी मिर्च डालकर भून लें। इसके बाद तैयार किए हुए बाइट्स डालें और हल्के हाथों से मिक्स करें।

अंत में ऊपर से रेड चिली फ्लेक्स और हरी धनिया डालकर अच्छी तरह टॉस करें। आपके हेल्दी और टेस्टी सूजी-पोहा बाइट्स तैयार हैं। इन्हें टमाटर की चटनी या नारियल की चटनी के साथ गरमा-गरम सर्व करें।

5379487