Veg Recipe: अगर आप हर रोज दाल और सब्जी खाकर बोर हो गए हैं और कुछ चटपटा खाने का मन कर रहा है, तो ऐसे में परवल की यह खास सब्जी ट्राई कर सकते हैं। अक्सर लोग परवल का नाम सुनते ही मुंह बनाने लगते हैं, लेकिन आज हम आपको परवल की बहुत ही टेस्टी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे। वहीं, इस मौसम में परवल भी खूब आते हैं। तो चलिए जानते हैं परवल की टेस्टी सब्जी बनाने का तरीका।
सामग्री
परवल – 250 ग्राम
बेसन – 4 बड़े चम्मच
अमचूर पाउडर – 1 चम्मच
सौंफ पाउडर – 1 चम्मच
धनिया पाउडर – 1 चम्मच
हल्दी पाउडर – ½ चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ चम्मच
गरम मसाला – ½ चम्मच
जीरा – 1 चुटकी
सरसों का तेल – 3 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
हरा धनिया – गार्निशिंग के लिए
विधि
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले परवल को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इसके बाद चाकू की मदद से परवल की ऊपरी पतली त्वचा हल्की-हल्की छील लें। फिर दोनों सिरों को काट दें। अब परवल के बीच में एक लंबा चीरा लगाएं और उसके अंदर के बीज निकाल दें।
- अब एक पैन में बिना तेल के बेसन को धीमी आंच पर भून लें। जब बेसन गोल्डन रंग का हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे, तब इसे एक प्लेट में निकाल लें।
- इसके बाद भुने हुए बेसन में अमचूर पाउडर, सौंफ पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और 1 चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर मसाला ज्यादा सूखा लगे तो इसमें 1-2 चम्मच पानी भी मिला सकते हैं।
- अब तैयार बेसन मसाले को परवल के अंदर अच्छी तरह भर दें। इसके बाद एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर जीरा डालकर तड़काएं। फिर मसाला भरे हुए परवल को एक-एक करके कढ़ाई में डाल दें।
यह भी पढ़ें- Leftover Rice Recipe: बचे हुए चावल से मिनटों में तैयार करें टेस्टी मंचूरियन
- कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में परवल को पलटते रहें, ताकि वे चारों तरफ से अच्छी तरह पक जाएं और मसाला जले नहीं। इन्हें पकने में लगभग 12 से 15 मिनट का समय लगेगा।
- जब परवल नरम हो जाएं और अच्छी तरह पक जाएं, तब गैस बंद कर दें। इसके ऊपर थोड़ा गरम मसाला और हरा धनिया डालें। स्वादिष्ट भरवां परवल की सब्जी को गरमा-गरम रोटी या पराठे के साथ सर्व करें।










