RUHS News: राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) से संबद्धता प्राप्त सरकारी और निजी बी.एससी नर्सिंग के साथ-साथ 'सर्टिफिकेशन कोर्स इन फोरेन लैंग्वेज' (फ्रेंच जर्मन) का कोर्स करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय ने स्व-वित्तपोषित योजना के तहत 'सर्टिफिकेट कोर्स इन फॉरेन लैंग्वेज' की नियमावली जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार, यह 6 माह का सर्टिफिकेट कोर्स होगा, जिसमें कुल 60 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें 48 घंटे ऑनलाइन और 12 घंटे ऑफलाइन कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

10 हजार रुपये फीस में सीखें फ्रेंच

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कोर्स के लिए 1,000 रुपए पंजीकरण शुल्क (नॉन-रिफंडेबल) तथा 10,000 रुपए कोर्स फीस तय की है। अंतिम परीक्षा में बैठने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं में 75% उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसके साथ ही आपको बता दें कि सप्ताह में सोमवार और शनिवार को एक-एक घंटे के दो सत्र होंगे। प्रत्येक बैच में 30 सीटें रहेंगी।

आरयूएचएस में शुरू होगा फ्रेंच-जर्मन सर्टिफिकेट कोर्स

कोर्स पूरा करने के बाद आरयूएचएस की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर ही प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। ऐसे में माना जा रहा है कि कि फ्रेंच और जर्मन जैसी विदेशी भाषाओं का ज्ञान बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर खोलने में सहायक साबित होगा।