Rajasthan CBSE Exam Centers: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। यह परीक्षाएं 15 मई से 21 मई तक आयोजित की जाएंगी। स्कूल अपने-अपने विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड आधिकारिक पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड ने परीक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिनका पालन करना सभी छात्रों के लिए अनिवार्य होगा।

बोर्ड के एग्जाम कंट्रोलर डॉ. संयम भारद्वाज के मुताबिक स्टूडेंट्स को सुबह 10 बजे के बाद एग्जाम सेंटर पर एंट्री नहीं दी जाएगी। स्टूडेंट्स को स्कूल यूनिफॉर्म में रिपोर्ट करना होगा। इसके साथ ही छात्र अपनी स्कूल का आई-डी कार्ड और बोर्ड द्वारा जारी एडमिट कार्ड साथ में लेकर आएं।

नकल रोकने के सख्त इंतजाम

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि एग्जाम सेंटर के अंदर मोबाइल फोन , इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस रखना सख्त मना है। साथ ही छात्रों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम, यूट्यूब और एक्स पर परीक्षा से जुड़ी अफवाहें फैलाने या सामग्री साझा करने से सख्त मना किया गया है।

यह भी पढ़ें- Bharatpur Accident: भरतपुर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 3 दोस्तों को कुचला, 2 युवकों की मौके पर मौत

90 केंद्रों पर होगी एग्जाम
बोर्ड के अनुसार, पहली मुख्य परीक्षा में पास और योग्य छात्र मैथ, साइंस, सोशल साइंस और लैंग्वेज में से किन्हीं तीन विषयों में दूसरी परीक्षा में अपनी परफॉर्मेंस सुधार सकते हैं। यदि कोई छात्र तीन से अधिक विषयों में फेल हुआ है, तो वह दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए योग्य नहीं होगा। इसके साथ ही आपको बताते चलें कि अजमेर रीजन राजस्थान के 1300 स्कूलों के करीब 21 हजार विद्यार्थी रजिस्टर्ड हुए हैं। इसके लिए 90 एग्जाम सेंटर बनाए जा रहे हैं। एग्जाम सेंटरों पर नकल के मामलों को रोकने के तीन स्तर पर उड़नदस्तों के गठन के साथ ही संवेदनशील एग्जाम सेंटरों के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए जा रहे हैं। उड़नदस्ते परीक्षा के दौरान एग्जाम सेंटर्स का औचक निरीक्षण करेंगे।