Jaipur Hospital: सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल की इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में मरीजों को अब इलाज के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब आंख, नाक, कान और गले से जुड़ी समस्याओं के लिए 24-घंटे ऑन कॉल सीनियर डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। वहीं, मेडिसिन, हड्डी, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाई जाएगी।
रोटेशन से तैनात होंगे सीनियर रेजीडेंट
बता दें कि प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने इस संबंध में संबंधित विभागों को पत्र जारी कर ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के मुताबिक, मेडिसिन, अस्थि रोग, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के एचओडी को चार-चार सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर रोटेशन के आधार पर नियुक्त करने को कहा गया है, ताकि इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में हर समय डॉक्टर उपलब्ध रहें। वहीं, नेत्र रोग और ईएनटी विभाग को 24x7 ऑन कॉल सीनियर डॉक्टर की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दीपावली के दौरान अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई थी। इस दौरान मरीजों को मिली सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं को देखते हुए हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने प्रिंसिपल को यह व्यवस्था सामान्य दिनों में भी लागू रखने का सुझाव दिया। इसके बाद प्रिंसिपल ने नए आदेश जारी किए।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: राजस्थान में बदलेगा मौसम, 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
इमरजेंसी में बढ़ाई जाएगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता
फिलहाल SMS हॉस्पिटल की इमरजेंसी में मेडिसिन विभाग के डॉक्टर ही नियमित रूप से ड्यूटी देते हैं, जबकि सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टर ऑन कॉल रहते हैं। ऐसे में अक्सर इमरजेंसी में ऐसे केस आते हैं, जहां मरीज के नाक, कान या गले के अलावा आंखों से जुड़ी परेशानी होती है। ऐसे में मरीज पहले इमरजेंसी आता है, बाद में उसे चरक भवन भेजा जाता है। जहां कई बार सीनियर रेजीडेंट नहीं मिलने पर मरीज को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ता है। वहीं ऑन कॉल व्यवस्था रहने से मरीज आने पर उसे यथासंभव इमरजेंसी में ही इलाज की सुविधा मिल सकेगी।