Rajasthan Weather: राज्य में एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की-हल्की बारिश और तेज हवा चलने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी रविवार को अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के साथ श्री गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
19 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना
वहीं तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं बताया जा रहा है कि 19 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में बादल गरजने के साथ बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- Jaipur Crime News: कम सैलरी के तानों से तंग आकर पति बना हैवान, पत्नी और 8 साल की बेटी की हत्या
जानें मुख्य शहरों का अधिकतम तापमान
ऐसे में अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो बीते दिन शनिवार को बाड़मेर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं चित्तौड़गढ़ में 38.8 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस, फलोदी में 38.4 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 36.3 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के बदले में मिजाज को देखते हुए किसान और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस तरह से मौसम बदलाव से फसलों पर असर पड़ सकता है।