Rajasthan Weather: राज्य में मानसून की विदाई के बाद मौसम लगातार शुष्क नजर आ रहा है। वहीं, ऐसे में दिन में तेज धूप हो रही है, जिस वजह से गर्मी का असर काफी ज्यादा हो गया है। गर्मी की वजह से लोगों को परेशानी महसूस होने लगी है। बीते दिन यानी रविवार की बात करें तो राजस्थान में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। फलोदी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजस्थान की बात करें तो यहां कई जिलों में दिन के समय तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिली है। श्रीगंगानगर में 40.6 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 40.2 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 40.1 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

राजस्थान में बढ़ी गर्मी की तपिश

वहीं, इन इलाकों में दिन के समय तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल रहा है। राजस्थान में तापमान सामान्य से ऊपर देखने को मिला। टोंक में 38.6 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। जयपुर की बात करें तो यहां तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही एक्सपर्ट का कहना है कि राजस्थान के आसपास बने एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से सतह के पास गर्म हवाएं चल रही हैं, जिसकी गति भी 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रिकॉर्ड की जा रही है।

जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

वहीं, राज्य में दिन और रात के समय अलग-अलग मौसम का मिजाज देखने को मिल रहा है। जहां पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है, वहीं दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी हिस्से के कुछ जगहों पर रात के समय ठंडक बनी हुई है। उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, टोंक और भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं, माउंट आबू में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम शुष्क ही रह सकता है। इसके साथ ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना जताई जा रही है, जिस वजह से अभी गर्मी का असर बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में भी फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की आशंका नहीं है।