Rajasthan Roadways: सरकारी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज की फ्री यात्रा सुविधा के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब केवल प्रवेश पत्र दिखाकर मुफ्त यात्रा नहीं की जा सकेगी। राजस्थान रोडवेज ने नई व्यवस्था लागू करते हुए अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है।
रोडवेज के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से तीन दिन पहले रोडवेज के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर अपना रोल नंबर और प्रवेश पत्र अपलोड करना होगा। इसके बाद ही कंडक्टर की मशीन में अभ्यर्थी की डिटेल दिखाई देगी और फिर टिकट जारी कर दिया जाएगा। आपको बताते चलें कि रोडवेज ने यह कदम फ्री यात्रा सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए उठाया है। भरतपुर रोडवेज के यातायात प्रबंधक पीयूष अवस्थी ने बताया मुख्यालय के निर्देशों के मुताबिक अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन से दो दिन पहले और दो दिन बाद तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य है कि अभ्यर्थियों को घर से परीक्षा केंद्र और वापस घर तक आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
फर्जीवाड़े और सुविधा के दुरुपयोग पर रोक लग सकेगी
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक कई मामलों में सामने आया कि अभ्यर्थी इस सुविधा का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। कुछ अभ्यर्थी अपने शहर में परीक्षा केंद्र होने के बावजूद प्रवेश पत्र दिखाकर दूसरे शहरों तक मुफ्त यात्रा कर रहे थे। कई अभ्यर्थी पांच दिन तक अलग-अलग रूटों पर फ्री यात्रा करते हुए दिखे। ऐसे में नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को रोडवेज पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसमें रोल नंबर और एडमिट कार्ड अपलोड करने के बाद पूरा डेटा सिस्टम में सिंक होगा। टिकट जारी करते समय कंडक्टर मशीन में रोल नंबर दर्ज करेगा, जिसके बाद अभ्यर्थी की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। वहीं नई व्यवस्था से फर्जीवाड़े और सुविधा के दुरुपयोग पर रोक लग सकेगी।