Rajasthan Fire News: राजस्थान के भिवाड़ी के केमिकल पटाखा फैक्ट्री में आग लगने का हादसा हो गया है। हादसे में 8 लोग जिंदा जल गए, जबकि एक मजदूर के अभी भी फैक्ट्री में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह हादसा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह 9:30 बजे हुआ है। वहीं एडीएम सुमित्रा मिश्रा ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान इस घटना के बारे में पता चला जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया
बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में केमिकल के साथ पटाखे भी बनाए जाते थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। दमकल की कई गाड़ियां तिजारा और भिवाड़ी से मौके पर पहुंची और लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं शव इतनी बुरी तरह से जल चुके थे कि शव के केवल कंकाल ही बचे हुए हैं। बॉडी के हिस्सों के टुकड़े-टुकड़े बिखरे हुए मिले। जिसे रेस्क्यू टीम द्वारा पॉलिथीन में इकठ्ठा किया गया। वहीं मौके पर भिवाड़ी एडीएम सुमित्रा मिश्रा, एसपी (भिवाड़ी) अतुल साहू, तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह, एसडीएम लखन सिंह, टपूकड़ा के तहसीलदार शैतान सिंह, एडीएम शिवपाल जाट आदि अधिकारी मौजूद रहे।
हादसे के कारण की जांच की जा रही है
वहीं मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारण की जांच की जा रही है। फिलहाल फैक्ट्री के मालिक से पूछताछ भी की जा रही है। आपको बता दें कि फैक्ट्री के मालिक का नाम राजेंद्र है। ऐसे में यह हादसा एक बार फिर से औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम की कमी पर सवाल खड़े करता है।