Jodhpur Crime: जोधपुर के बासनी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दो नाबालिग दोस्तों को रोककर शराब के पैसे मांगे, नहीं देने पर आरोपियों ने उनके साथ लाठी-सरियों से मारपीट की। यही नहीं बदमाशों ने नाबालिगों की बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी और जेब से नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट के मुताबिक, नान्दड़ी बनाड़ निवासी 17 वर्षीय नाबालिग ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर सांगरिया स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम देखने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि सांगरिया बाईपास पर एक मेडिकल के पास पहुंचने पर अचानक 3-4 लड़कों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने शराब पीने के लिए नाबालिग दोस्तों से पैसों की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज कर हमला कर दिया। हमले में दोनों नाबालिग लहुलुहान हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनकी जेब से जबरन रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए।