Jaipur Liquor News: जयपुर में सोमवार से शराब की दुकानों को बंद करने का फैसला लिया गया है। यह फैसला वेलफेयर सोसाइटी ने लिया है। वहीं सोसायटी का आरोप है कि पुलिस तय समय से पहले ही जबरदस्ती दुकाने बंद करवा देती है। राज्य सरकार की नीति के मुताबिक, शराब दुकानों का समय सुबह 10:00 बजे से रात 8:00 बजे तक है।
पुलिस शाम 7:30 बजे ही दुकानों को बंद करा रही
शराब दुकानें सुबह 10 बजे खुलती हैं और रात 8 बजे बंद होनी चाहिए। हालांकि, सोसायटी अध्यक्ष नितेश मेवाड़ा ने बताया कि कई स्थानों पर पुलिस शाम 7:30 बजे ही दुकानों को बंद करा रही है, जिससे लाइसेंसधारी संचालकों को भारी नुकसान हो रहा है। ऐसे में सोसाइटी में मांग की है कि दुकानों का संचालन समय 3 घंटे बढ़ाया जाए और पुलिस हस्तक्षेप न करें। ठेकेदारों ने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन से अनुरोध है कि वे समय सीमा बढ़ाने पर विचार करें, ताकि कारोबार सुचारू रूप से चल सके। इसके साथ ही बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए कई बार मौखिक आग्रह किया गया, लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- Child Education Rajasthan: राजस्थान में RTE से अब नर्सरी से पहली कक्षा तक मुफ्त एडमिशन, 20 फरवरी से शुरू होंगे आवेदन
शहर में लगभग 358 लाइसेंसधारी शराब की दुकान
इसके विरोध में शहर के सभी दुकानें अनिश्चितकाल के लिए बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं मांग को लेकर आबकारी कमिश्नर से बात कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जयपुर शहर में लगभग 358 लाइसेंसधारी शराब की दुकान चल रही हैं। वहीं इन दुकानों से रोज तीन से चार करोड़ की बिक्री होती है।









