Jaipur News: शहर की सबसे व्यस्ततम सड़क जेएनयन मार्ग को जेडीए ट्रैफिक जाम से मुक्त जवाहर सर्किल से त्रिमूर्ति सर्किल तक सिग्नल फ्री करने के लिए एलिवेटेड रोड, क्लोवर लीफ, अंडरपास बनेंगे। जेएलएन मार्ग पर ट्रैफिक का सर्वे कर दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर ने प्लान तैयार किया है। इस प्लान को मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलने के बाद जेडीए जल्द ही धरातल पर काम शुरू करेगा। 7.5 किमी के रूट के सफर में पीक आवर्स के दौरान ट्रैवल करने पर 30-40 मिनट लगते हैं, लेकिन इस प्रोजेक्ट के बाद 12 से 15 मिनट में सफर होने का दावा किया जा रहा है।
जेएलएन पर 1 भी सिग्नल नहीं मिलेगा
वीवीआईपी रूट जेएलएन मार्ग पर जवाहर सर्किल से रामनिवास बाग तक प्रत्येक 800 मीटर से 1 किमी में तिराहा चौराहा है। जीटी पुलिया से यूनिवर्सिटी तक यह रूट संस्थानिक है, यहां कॉमर्शियल और रिहायशी इलाका नहीं होने के बावजूद ट्रैफिक दबाव ज्यादा रहता है। इस प्रोजेक्ट में एसएमएस मेडिकल से राजस्थान विवि तक 1.5 किमी लंबाई में एलिवेटेड, गांधी सर्किल पर अंडरपास, बजाज नगर तिराहे पर क्लोवर लीफ, ओटीएस पर एमएनआईटी के सामने से यू-टर्न बनाने की प्लानिंग की गई है। इस रूट पर वर्तमान में 9 तिराहे और चौराहे हैं। इन सभी को खत्म किया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट के तहत जेडीए चौराहे को पूरी तरह बंद किया जाएगा। रामनिवास बाग और शांति पथ की तरफ से चौराहे पर आने वाले ट्रैफिक को भवानी सिंह रोड की तरफ या त्रिमूर्ति सर्किल की तरफ जाने के लिए गांधी सर्किल से पहले यू टर्न स्ट्रक्चर बनाया जाएगा। विवि से पहले एलिवेटेड खत्म होगी और गांधी सर्किल के नीचे राजस्थान विवि से जवाहर सर्किल की तरफ जाने वाले ट्रैफिक के लिए अंडरपास बनेगा। गांधी नगर मोड़ से अरण्य भवन जाने वाले ट्रैफिक अंडरपास के ऊपर से सीधे निकलेगा। अंडरपास बनने के बाद सर्किल को नया रूप दिया जाएगा।
आगे वानिकी प्रशिक्षण संस्थान से लेकर ओटीएस चौराहे के पहले तक एट ग्रेड (सड़क की सतह पर) एक बड़ा लूप प्रस्तावित किया गया है। गांधी सर्किल से ओटीएस चौराहे की तरफ सीधा जाने वाला ट्रैफिक निकलेगा।
जवाहर सर्किल और विद्याश्रम से आने वाला ट्रैफिक जिन्हें झालाना पथ और जवाहर सर्किल की तरफ जाना है। इसके लिए इस बड़े लूप से लगता छोटा लूप बनेगा। ओटीएस चौराहे से आगे एमएनआईटी के सामने भी एक यू टर्न टर्न बनेगा। एसएल रोड तिराहे को भी बंद कर जवाहर सर्किल से पहले यू टर्न स्ट्रक्चर बनेगा।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस प्रोजेक्ट को ट्रैफिक सिग्नल फ्री होने से ट्रैफिक को रुकना नहीं पड़ेगा। वर्तमान में प्रत्येक चौराहे पर दो से तीन मिनट रुकना पड़ता है। पीक आवर्स में लंबा रहता है। एलिवेटेड लूप या यू टर्न स्ट्रक्चर से ट्रैफिक का लगातार मूवमेंट रहेगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 500 से 600 की लागत आएगी। सीएम से हरी झंडी मिलने के बाद जेडीए अब फेज वाइज इस प्लान को धरातल पर उतारने की प्लानिंग कर रहा है। 2 से 3 साल में यह प्रोजेक्ट पूरा होगा।








